नेतरहाट घाटी में 300 फीट खाई में गिरी क्रेटा कार, एक की मौके पर हुई मौत

नेतरहाट घाटी में 300 फीट खाई में गिरी क्रेटा कार, एक की मौके पर हुई मौत, अन्य घायल

रांची से नेतरहाट घूमने जा रहे थे 5 युवक, 3 घंटे रेस्क्यू कर निकाला गया सभी को

गुमला। बिशुनपुर प्रखंड के गुरदरी थाना क्षेत्र के नेतरहाट घाटी स्थित मिलिट्री मोड़ के समीप रांची से नेतरहाट घूमने जा रहे एक पर्यटक वाहन हुंडई क्रेटा कार अनियंत्रित होकर 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। जिसमे रांची बरियातू निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद शहबाज रिजवी उर्फ कैफ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वही, चालक शदाब खान 35 वर्ष के माथे में गंभीर चोट लगी है। साथ ही शारीख खान का दाहिनी पैर टूट गया है। जबकि फरदीन खान 18 वर्ष और सइयद सवेब 19 वर्ष को हल्की चोट लगी है।

सइयद ने बताया कि हम लोग रांची बरियातू के रहने वाले हैं शनिवार शाम हम लोग अपने क्रेटा कार में नेतरहाट घूमने जा रहे थे इसी क्रम में नेतरहाट घाटी में तीखा मोड होने के कारण रात करीब 9 बजे चालक गाड़ी से अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी खाई में जा गिरी जिससे यह घटना घटी है।

घटना की सूचना पर बिशुनपुर और गुरदरी पुलिस मौके पर पहुंची और 3 घंटे के रेस्क्यू के बाद मृतक और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के जवान रस्सी के सहारे खाई में नीचे उतरे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।