सिर्फ 30 दिन का LPG स्टॉक, खाड़ी में फंसे जहाजों से भारत में गैस संकट !

सिर्फ 30 दिन का LPG स्टॉक बचा, खाड़ी में फंसे जहाजों से भारत में गैस संकट का डर

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के कारण भारत में आने वाले हफ्तों में रसोई गैस (LPG) की कमी का खतरा पैदा हो गया है। खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण गैस से भरे कई जहाज स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के पास फंस गए हैं। इससे भारत की ऊर्जा सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार अगर मार्च में आने वाले LPG जहाज जल्द ही भारत के लिए रवाना नहीं होते, तो देश में रसोई गैस की गंभीर कमी हो सकती है। इसका सीधा असर करोड़ों परिवारों पर पड़ सकता है।

पश्चिम एशिया पर ज्यादा निर्भरता

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG खरीदार है। डेटा फर्म केप्लर के अनुसार भारत अपनी 90 प्रतिशत से ज्यादा LPG जरूरत पश्चिम एशिया के देशों से पूरी करता है। इसलिए खाड़ी क्षेत्र में कोई भी संकट भारत की सप्लाई को सीधे प्रभावित करता है।

ईरान-अमेरिका युद्ध का फर्टिलाइजर, रिफाइनरी और केमिकल सेक्टर पर असर

पश्चिम एशिया में चल रही भू राजनीतिक अनिश्चितता अगर लंबे समय तक बनी रहती है तो भारत के सेरामिक्स और उर्वरक जैसे क्षेत्रों पर असर पड़ सकता है, जो आयातित तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने कहा कि निकट अवधि के हिसाब से इनका उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा कच्चे तेल से जुड़े क्षेत्रों जैसे तेल शोधन, टायर, पेंट, केमिकल्स, फ्लेक्सिबल पैकेजिंस और सिंथेटिक टेक्सटाइल पर भी असर पड़ सकता है।