जेएमएम विधायक सरफराज ने दिया इस्तीफा, राजनीतिक हलचल तेज !

झारखंड की राजनीति में शह और मात का खेल तेज, अटकलों का बाजार गर्म

राची। नए साल 2024 के आगाज के साथ ही झारखंड की राजनीति में एक नई हचलच तेज हो गई है। राज्य में सरकार चला रही पार्टी जेएमएम से गांडेय विधानसभा के विधायक सरफराज अहमद ने अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा के स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। सरफराज अहमद के इस्तीफा के बाद झारखंड में कई तरह की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। माना जा रहा है कि राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ईडी की जांच के साथ साथ तमाम अड़चनों को देखते हुए पार्टी ने एक बड़ा फैसला करने की तैयारी कर ली है। राजनीतिक जगत में इस बात की चर्चा है कि ईडी की पूछताछ से क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं। ऐसे में राज्य में राजनीतिक संकट ना हो इसकी तैयारी पार्टी करने की तैयारी में है।

राजनीतिक संकट में कल्पना सोरेन बन सकती हैं सीएम !

अपुष्ट जानकारी के अनुसार अगर राज्य में राजनीतिक उठापटक होती है को हेमंत सोरेन अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री की गद्दी सौंप सकते हैं। ऐसे में उनके लिए सरफराज अहमद की सीट पर से उन्हें चुनाव लड़ाया जा सकता है। क्योंकि अगर विना विधायक बने किसी को सीएम चुना जाता है तो उसे छह माह के अंदर विधायक का चुनाव जीतकर आना होगा। ऐसे में सरफराज अहमद वाली सीट पर से कल्पना सोरेन को चुनाव लड़ाया जा सकता है। कल्पना सोरेन उड़ीसा की निवासी हैं ऐसे में वे राज्य में एसटी सीट से चुनाव नहीं लड़ सकती हैं। इसलिए उन्हें जेनरल सीट पर से चुनाव जीतना होगा। गांडेय विधानसभा का सीट जेनरल सीट है और जरुरत पड़ने पर वे चुनाव लड़ सकेंगी।

राज्यसभा जा सकते हैं सरफराज !

इधर सूत्र बताते हैं कि सरफराज अहमद को आनेवाले मार्च में राज्यसभा भेजा जा सकता है। इससे सरफराज अहमद को भी आपत्ति नहीं होगी और अगर किसी तरह की राजनीतिक संकट आती है तो राज्य में जेएमएम गठबंधन की सरकार की सेहत पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा।हालांकि पूरे घटनाक्रम पर तमाम राजनीतिक दल के नेता साफ-साफ कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। जेएमएम के नेताओं का मानना है कि यह फैसला सरफराज अहमद का व्यक्तिगत है। इसलिए इसपर किसी तरह की टिप्पणी नहीं की जा सकती है। बीजेपी के नेताओं ने भी अचानक इस इस्तीफे को उनका अपना निजी फैसला बताया है। लेकिन इस बात पर भी जोर दिया है कि पार्टी कोई बड़ी रणनीति के तहत इस तरह के कदम बढ़ा रही होगी।