झारखंड भाजपा की बड़ी बैठक 24 अक्टूबर से, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन होंगे शामिल

झारखंड भाजपा की बड़ी बैठक 24 अक्टूबर से, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन होंगे शामिल

रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर को तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर झारखंड भाजपा ने स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजधानी में कई स्थानों पर पार्टी के झंडे, बैनर और पताकाएं लगाई गई हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

23 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे नितिन नवीन

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नितिन नवीन 23 अक्टूबर को शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने विशेष तैयारियां की हैं। झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के जरिए उनका स्वागत किया जाएगा। राजधानी के विभिन्न स्थानों पर भी कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में लेंगे हिस्सा

राष्ट्रीय अध्यक्ष 24 अक्टूबर से शुरू हो रही भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। अपने प्रवास के दौरान वे पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा संगठन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इस बैठक को प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आदित्य साहू ने तैयारियों की समीक्षा की

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें स्वागत कार्यक्रम और दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई। पार्टी की ओर से रांची को झंडों, बैनरों और पताकाओं से सजाया गया है, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जा सके।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दूसरा झारखंड दौरा

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का झारखंड में यह दूसरा आगमन होगा। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भूमि पर उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है। पार्टी इस दौरे को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी कर रही है।

बैठक में कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

तैयारियों की समीक्षा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह उपस्थित रहे।

इसके अलावा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मनीर उरांव और शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, सूरज चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सीमा सिंह, शशांक राज, राकेश भास्कर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू, नरेंद्र सिंह और दर्ज महतो सहित अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: दिल्ली से चोरी वाहन पहुंचे रांची? कांके में छापेमारी के बाद मुख्य आरोपी फरार