भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले JSCA स्टेडियम की सुरक्षा कड़ी

Ranchi T20 Match: भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले JSCA स्टेडियम की सुरक्षा कड़ी, ADG ने लिया जायजा

रांची: राजधानी रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे T20 मैच को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मैच के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है।

सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने जेएससीए स्टेडियम और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए।

प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था के साथ दर्शकों के प्रवेश और निकास की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी तैयारियों का जायजा लिया।

इसके अलावा दोनों टीमों और खिलाड़ियों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश

एडीजी मनोज कौशिक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

इसके साथ ही मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां पहले से पूरी रखने के निर्देश दिए गए।

दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा रहेगी प्राथमिकता

रांची पुलिस के मुताबिक मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मैच के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

अधिकारियों और JSCA पदाधिकारियों ने लिया जायजा

सुरक्षा निरीक्षण के दौरान रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी और पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह मौजूद रहे।

इसके अलावा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले को लेकर स्टेडियम और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें: Trisha Singh Shradhanjali: मंत्री दीपिका पांडेय की दिवंगत बेटी को CM हेमंत और कल्पना सोरेन ने दी श्रद्धांजलि