चतरा: एसपी की पुरानी सरकारी गाड़ी से शराब की तस्करी! जानें क्या है पूरा मामला
- By admin --
- 23 Aug 2020 --
- comments are disable
ड्राई जोन बिहार के खगड़िया जिले में चतरा एसपी की पुरानी सरकारी गाड़ी से शराब तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में उत्पाद अधीक्षक खगड़िया द्वारा चतरा एसपी को भेजे गए पत्र में मामले का खुलासा होने के बाद चतरा पुलिस सकते में आ गई है।
जिसके बाद एसपी ऋषभ झा ने मामले का जांच कराते हुए जांच रिपोर्ट उत्पाद अधीक्षक खगड़िया को भेजा है। मामले में एसपी ने दूरभाष पर बताया कि बिहार में शराब तस्करी के आरोप में जप्त टाटा 407 वाहन का करीब चार वर्ष पूर्व 2016 में ही चतरा पुलिस ने ऑक्शन कर दिया था।
गाड़ी खरीदी, लेकिन आरसी बुक में अपना नाम ट्रांसफर नहीं कराया
चतरा शहर के लाइन मोहल्ला निवासी सरवर आलम ने सबसे अधिक 65 हजार की बोली लगाकर टाटा 407 गाड़ी खरीदी थी । जिसके बाद उसने लापरवाही का परिचय देते हुए अब तक आरसी बुक में अपना नाम ट्रांसफर नहीं कराया।
ऑनर बुक में आज भी दिख रहा एसपी चतरा का नाम
इसी वजह से गाड़ी के ऑनर बुक में आज भी एसपी चतरा का नाम दिख रहा है। उन्होंने कहा है कि मामले में लापरवाही पूर्वक नाम ट्रांसफर नहीं कराने और एसपी चतरा के नाम पर आवंटित गाड़ी से बिहार में शराब तस्करी करने के मामले में क्रेता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ायी थी गाड़ी
एसपी ने बताया कि मामले से संबंधित सभी दस्तावेज उत्पाद विभाग खगड़िया को भेज दिया गया है। गौरतलब है कि उत्पाद विभाग खगड़िया की टीम ने दिन पूर्व वाहन चेकिंग अभियान के दौरान विदेशी शराब लदा एक टाटा 407 गाड़ी को जब्त किया था। जिसके बाद गाड़ी की आरसी बुक का पड़ताल करने के बाद एसपी चतरा के नाम पर गाड़ी आवंटित होने का खुलासा हुआ था।