रांची। झारखंड में पेट्रोल व डीजल नई कीमत लागू, बीजेपी ने जताया विरोध
- By admin --
- 13 May 2020 --
- comments are disable
रांची। झारखंड में पेट्रोल व डीजल की कीमतों में 2.50-2.50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो गई है। वाणिज्यकर विभाग ने इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। बढ़ी हुई दरें रात 12 बजे से प्रभावी होंगी।
पेट्रोल उत्पादों की नई कीमतों
दरअसल यह वह छूट है जो झारखंड सरकार ने वर्ष 2018 में पेट्रोल उत्पाद की कीमतों में आए उछाल के बाद जनता को दी थी। वहीं छूट अब वापस ले ली गई है। वाणिज्यकर विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पेट्रोल में 15 रुपये या 22 फीसद दोनों में से जो अधिक होगा, उस पर वैट वसूला जाएगा। वहीं, डीजल में 8.37 रुपये या 22 फीसद दोनों में से जो अधिक होगा वह लिया जाएगा।
राज्य सरकार ने छूट ली वापस
यह व्यवस्था झारखंड में पहले से ही प्रभावी है लेकिन वर्ष 2018 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत बढऩे के बाद दोनों उत्पादों पर 2.50-2.50 रुपये की छूट राज्य सरकार के स्तर से दी गई थी।बता दें कि वाणिज्यकर विभाग ने यह प्रस्ताव फरवरी माह में ही सरकार के पास भेजा था लेकिन बजट सत्र और उसके बाद कोरोना को लेकर हुई तालाबंदी के कारण इसे प्रभावी नहीं किया गया।
बीजेपी ने जताया विरोध
वाणिज्यकर विभाग के इस वित्तीय वर्ष पहले माह का निराशाजनक कलेक्शन आने के बाद इस छूट को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का निर्णय लिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर वैट बढ़ाए जाने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कोरोना संकट के बीच लॉकडाउन में उद्योग, धंधे, व्यवसाय बंद होने से आम आदमी की आर्थिक स्थिति खराब है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल के महंगे होने से महंगाई बढ़ेगी। प्रकाश ने वैट वृद्धि को वापस लेने की राज्य सरकार से मांग की है।