पीएम मोदी ने नेताओं को दी नसीहत; बिहार चुनाव पर भी हुआ मंथन

NDA Meet- राजग की बैठक में पीएम मोदी ने नेताओं को दी नसीहत; बिहार चुनाव पर भी हुआ मंथन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने एकजुटता का प्रदर्शन किया है। राजग के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों के पराक्रम और पीएम मोदी के साहसी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA का सीएम कॉन्क्लेव हुआ। इस कॉन्क्लेव में दो प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहसी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, बैठक में जातिगत जनगणना पर चर्चा हुई। इस दौरान अगली जनगणना में जाति गणना कराने के केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की गई। वहीं, बैठक के दौरान पीएम मोदी ने पार्टी के नेताओं के लिए कुछ जरूरी निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने संघर्ष विराम को लेकर भी टिप्पणी की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान भाजपा नेताओं को कई निर्देश भी दिए। उन्होंने पार्टी के नेताओं को नसीहत देते हुए बेवजह की बयानबाजी से बचने को कहा। इतना ही नहीं, एनडीए के मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाति गणना पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह उनकी सरकार के उस मॉडल की दिशा में एक कदम है, जिसके तहत वे हाशिए पर पड़े लोगों और हर क्षेत्र में पिछड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा में लाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता देश की आत्मनिर्भरता की दिशा में हासिल की गई उपलब्धियों की पुष्टि भी है, जिसमें स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकी की सटीकता भी दुनिया ने देखी है।