रांचीः वकीलों ने जताया आक्रोश, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने अपराधी

जमशेदपुर के अधिवक्ता प्रकाश यादव की निर्मम हत्या के बाद राज्य भर के वकीलों में आक्रोश पनप रहा है। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राजेंद्र कृष्ण ने इस घटना को सरकार और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बताया है।

उन्होंने कहा है कि अगर जल्द से जल्द प्रकाश के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्य भर के अधिवक्ता एकजुट होकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष अधिवक्ताओं की टीम के साथ जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुके हैं

वहीं स्टेट बार काउंसिल के सदस्य और रांची जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव संजय विद्रोही ने इस घटना के बाद एक बार फिर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग की है। उन्होंने यह मांग राज्य सरकार से की है। उन्होंने जमशेदपुर की घटना को अधिवक्ता वर्ग को अपराधियों और भू-माफियाओं के द्वारा दी जा रही चुनौती बताया है।

क्या है घटना

अधिवक्ता प्रकाश यादव की गला रेतकर हत्या कर दी गयी। यह घटना मंगलवार की देर रात बिरसानगर थाना क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर 1 बी में हुई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गयी है।