रांचीः रामकृपाल कंस्ट्रक्शन पर एनआईए ने कसा शिकंजा

राजधानी रांची में देर रात एनआईए का छापा पड़ा,जानकारी के मुताबिक रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के रांची स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई।

इसमें कचहरी रोड में पंचवटी प्लाजा स्थित दफ्तर, चेशायर रोड स्थित रामदिरी निवास और तुपुदान स्थित मिक्सर प्लांट शामिल है. इस दौरान छापेमारी स्थल पर किसी को जाने की अनुमति नहीं दी गई, न ही इस मामले में मीडिया से कुछ साझा किया गया।

मंगलवार देर रात एनआईए की छापेमारी समाप्त हुई। छापेमारी में सड़क सहित अन्य निर्माण कार्यो से संबंधित 15 फाइलें और कंप्यूटर हार्डडिस्क एनआईए की टीम अपने साथ ले गई। छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम ने कर्मचारियों से वर्तमान में चल रहे निर्माण सहित अन्य कामों की जानकारी ली।

बता दें कि रामकृपाल कंस्ट्रक्शन झारखंड में जानी-मानी कंस्ट्रक्शन कंपनी है. सड़क निर्माण से लेकर, झारखंड विधानसभा भवन, हाईकोर्ट बिल्डिंग, स्टेडियम और अन्य कई भवन निर्माण के काम कंपनी ने किये हैं. कंपनी के राजनीतिक कनेक्शन को लेकर भी कई बार विवाद उठ चुके हैं.