Ranchi News: राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला फूंका
- By rakesh --
- 01 Sep 2026 --
- comments are disable
रांची: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को लेकर झारखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का विरोध किया और केंद्र सरकार तथा भाजपा पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया।
भाजपा पर राजनीतिक बौखलाहट का आरोप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, इसी वजह से भाजपा सरकार राहुल गांधी को निशाना बनाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकी और अन्य सरकारी कार्रवाई के माध्यम से राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
बोले- राहुल गांधी के साथ जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता
केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा को यह नहीं समझना चाहिए कि प्राथमिकी या सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी को चुप कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ देश के किसान, युवा, छात्र, आम नागरिक और कांग्रेस के करोड़ों कार्यकर्ता खड़े हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि किसी भाजपा कार्यकर्ता द्वारा सामाजिक सौहार्द या संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कृत्य किया गया है तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में कानून का शासन होना चाहिए।
राहुल को निशाना बनाना जनता की आवाज पर हमला: राजेश कच्छप
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाना देश की जनता की आवाज को निशाना बनाने जैसा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ जितने अधिक मामले दर्ज होंगे, जनता के बीच भाजपा सरकार को लेकर उतने ही सवाल उठेंगे।
वहीं, कांग्रेस के सह-प्रभारी डॉ. सिरिवेला प्रसाद ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के सवालों का जवाब देने में विफल रहने पर सरकार जांच एजेंसियों, पुलिस और मुकदमों के माध्यम से विपक्ष पर दबाव बनाने का प्रयास करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी दबाव से डरने या झुकने वाली नहीं है।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष का दावा
झारखंड सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र के साथ किसी भी प्रकार के खिलवाड़ को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं और झारखंड कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान पर हमला जारी रहने तक पार्टी संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाने वालों को दबाने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में कई नेता और कार्यकर्ता शामिल
अलबर्ट एक्का चौक पर आयोजित प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस नेता बंधु तिर्की समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसके अलावा शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू, रवींद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, आलोक दुबे, विनय सिन्हा दीपू, सोनाल शांति, राजन वर्मा, उज्ज्वल तिवारी, सुनील सिंह, राजेंद्र दास, सोमनाथ मुंडा और विजय शंकर नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।