बोकारो। डीसी ने कहा- अभी नहीं कर सकते कोरोना मुक्ति की घोषणा

बोकारो। कोरोना संक्रमण के मामले में गुरुवार को बोकारो से बड़ी राहत की खबर सामने आई। यहां के बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में इलाजरत बाकी तीन कोरोना पॉजिटिव भी स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई। इसके साथ ही जिले में कोरोना का अब एक भी एक्टिव केस नहीं रह गया। 

17 दिन नहीं मिला कोई कोरोना मरीज

सुखद बात यह भी कि पिछले 17 दिनों से जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव का नया मामला सामने नहीं आया और सभी सैंपलों की रिपोर्ट भी निगेटिव ही आ रही है। बीजीएच में डीसी मुकेश कुमार ने ठीक हुए मरीजों को बुके और शॉल भेंटकर शुभेच्छाओं के साथ उन्हें उनके घर को विदा किया।

डॉक्टर और प्रशासन ने दी विदाई

बीजीएच के निदेशक प्रभारी  डॉ. एके सिंह ने भी प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारियों व अस्पताल के सीनियर डाक्टरों की मौजूदगी में स्वस्थ हुए मरीजों को विदाई दी। ठीक होकर जाने वाले मरीजों में से दो साड़म निवासी सगे भाई (क्रमशः 70 वर्ष एवं 65 वर्ष) और एक तेलो के 76 वर्षीय बुजुर्ग थे। जिले में 20 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव का आखिरी मामला साड़म (गोमिया) से सामने आया था।

डीसी ने कहा- अभी नहीं कर सकते कोरोना मुक्ति की घोषणा

बीजीएच से बाकी बचे तीन कोरोना मरीजों की विदाई के मौके पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में डीसी मुकेश कुमार ने कहा कि यह सही है जिले में अब एक भी कोरोना पॉजिटिव मामला नहीं है और न ही पिछले कई दिनों से कोई नया केस आ रहा, लेकिन बावजूद इसके हम अभी कोरोना मुक्त बोकारो होने की घोषणा नहीं कर सकते।

जिस तरह से इस महामारी ने पूरी दुनिया को परेशान कर रखा है, वैसी स्थिति में अप्रिय संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बाद में भी केस आ सकता है। उन्होंने कहा कि यहां की टीम ने बड़ी मेहनत कर सभी नौ कोरोना मरीजों का इलाज कर उन्हें ठीक कर भेज दिया। इनमें से 75 वर्ष से ऊपर के व्यक्ति का भी ठीक होना एक प्रेरणादायक उपलब्धि है। यह राहत और सुकून देने वाली बात है।