दुमका। बकरी लेकर भागना पड़ा महंगा,गई एक की जान और एक घायल

दुमका। जिले के काठीकुंड प्रखंड के झिलमिली गांव से सोमवार की शाम बकरी चोरी कर भाग रहे दो युवकों की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। इसमें 26 साल के सुमन अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 साल का दुलाल मिर्धा बुरी तरह से घायल है। उसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बकरी लेकर भागना पड़ा महंगा

शिकारीपाड़ा प्रखंड के ढाका गांव का दुलाल मिर्धा और इसी प्रखंड के द्वारपहाड़ी गांव का सुमन करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर काठीकुंड के झिलमिली गांव आए। दोनों ने अर्जुन रजवार की एक बकरी गोद में उठा ली और गांव से बाहर नदी के किनारे पैदल निकल गए। ब्राम्हणी नदी पार करने के बाद दोनों ने बकरी को काटा ताकि उसके मांस को अपने गांव ले जा सके। तभी गांव के कुछ लड़कों की नजर उन पर पड़ गई और बकरी चोर कहकर शोर मचा दिया। बड़ी संख्या में झिलमिली गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

पेड़ में बांधकर जमकर पीटा

लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और मारते हुए झिलमिली गांव लाए। यहां पेड़ से बांधकर जमकर पीटा। पिटाई की वजह से सुमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही थानेदार सकीब तनबीर मौके पर पहुंचे और शव व घायल को लेकर थाना आए। गंभीर रूप से घायल दुलाल को सदर अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

क्या कहते हैं एसपी

दुमका एसपी अंबर लकड़ा ने कहा कि बकरी चोरी के आरोप में दो की पिटाई की गई है। इसमें एक की मौत हो गई। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। दोनों पक्ष पर केस किया जाएगा। एक पक्ष पर हत्या का और दूसरे पर मवेशी चोरी का मामला दर्ज होगा। कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।