रांचीः बीजेपी को कानून व्यवस्था पर विलाप करने की जरुरत नहीं– कांग्रेस

किसी एक घटना से कानून व्यवस्था का आकलन करना संभव नहीं

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा है कि किसी एक आपराधिक घटना से राज्य के कानून व्यवस्था का आकलन नहीं किया जा सकता हे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा नेतृत्व वाली सरकार में पांच वर्षों के दौरान नेशनल क्राइम रिसर्च ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार अपराध के मामले में झारखंड पहले नंबर पर रहा, महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न मामले में दूसरे स्थान पर और जनजातीय समुदाय के खिलाफ अत्याचार मामले में तीसरे स्थान पर रहा। डकैती, अपहरण और छिनतई मामले में  भी झारखंड भाजपा शासनकाल में अव्वल रहा।

उन्होंने कहा कि अपराध के मामले में बीजेपी को विधवा विलाप करने या चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। राज्य सरकार ने कोरोना महामारी काल में जिस तरह से स्थिति से निपटने के का काम किया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी व्यक्ति की हत्या की घटना की निंदा करती है और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी  के लिए पुलिस प्रयासरत है और उम्मीद है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी, लेकिन इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर जांच को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।