झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हुए शामिल
- By rakesh --
- 05 Aug 2026 --
- comments are disable
रांची: झारखंड विधानसभा का षष्ठम (मॉनसून) सत्र 6 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रहा है। सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को झारखंड विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की, जबकि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी इसमें शामिल हुए।
सदन की कार्यवाही पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक में मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन में सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया गया।
सभी दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो और निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में विधानसभा सत्र से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए गए।
6 अगस्त से शुरू होगा मॉनसून सत्र
झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 6 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा। सरकार और विपक्ष दोनों की ओर से विभिन्न जनहित एवं राज्य से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाए जाने की संभावना है। सर्वदलीय बैठक का उद्देश्य सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण, प्रभावी और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित करना रहा।