नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में झारखंड चैंपियन, सिमडेगा की बेटियों ने रचा इतिहास
- By rakesh --
- 23 Oct 2026 --
- comments are disable
रांची: नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम करने वाली झारखंड की बालिका टीम का रांची में जोरदार स्वागत किया गया। गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम मैनेजर को सम्मानित कर उनकी सफलता की सराहना की।
नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा की टीम ने डायरेक्टरेट जनरल एनसीसी, सोनीपत को 2-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ झारखंड की टीम ने नेहरू कप पर कब्जा जमाया और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का गौरव बढ़ाया।
पहली बार झारखंड की अंडर-17 टीम बनी विजेता
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को राज्य की स्कूली टीमों की भागीदारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह पहला मौका है, जब अंडर-17 बालिका टीम ने इस प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले 2023 में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, बरियातू की टीम ने उपविजेता बनकर अपनी प्रतिभा दिखाई थी। इस बार सिमडेगा की खिलाड़ियों ने खिताब जीतकर एक नई उपलब्धि अपने नाम की।
मेहनत और अनुशासन से मिली ऐतिहासिक सफलता
सम्मान समारोह में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को प्रोत्साहित करने की पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। उन्होंने झारखंड की बेटियों की जीत को उनकी लगन, प्रतिभा, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताया। साथ ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, उपनिदेशक आशीष पांडेय, अतिरिक्त वित्त नियंत्रक ओम प्रकाश मिश्रा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग समेत परिषद के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सचिन कुमार, अनूपा तिर्की, ममता एलिजाबेथ लकड़ा, अंजना बाड़ा, अनिल कुमार दुबे, गौरव कुमार और अमित कुमार सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने भी विजेता टीम का अभिनंदन किया।
झारखंड की इस जीत ने राज्य में स्कूली हॉकी को नई पहचान दी है। खिलाड़ियों की उपलब्धि से आने वाले समय में अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: विधायक और MLC में कौन ज्यादा ताकतवर? वेतन, चुनाव, अधिकार और कार्यकाल का अंतर समझें