रांचीः सीएम हेमंत सोरेन सहित कई लोगों का हुआ कोरोना जांच

राज्य में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या पर स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। बीते दिनों हेमंत सरकार की कैबिनट में कोरोना ने अपना पांव पसार लिया है। जिसके कारण राज्य के पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर और उनकी बेटी के साथ-साथ टुंडी विधायक मथुरा महतो को कोरोना संक्रमित पाया गया है।

इसके बाद मुख्यमंत्री आठ जुलाई से होम क्वारैंटाइन में हैं। मुख्यमंत्री अपने सरकार के मंत्री और विधायक के संपर्क में आए थे जिसके बाद उन्होंने एहतिहात के तौर पर खुद को होम क्वारैंटाइन करने का फैसला किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी समेत सीएम हाउस के कर्मचारियों का सैंपल कोरोना जांच के लिए लिया गया है। इसके अलावा सीएम के प्रेस सलाहकार, स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों और सीएम की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों का भी सैंपल लिया गया है। सभी सैंपल की रिपोर्ट रविवार शाम तक आने की उम्मीद है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री आवास पर किसी का आना जाना मना है और साथ ही विधानसभा में 33 फीसदी ही लोग काम कर सकेंगे। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 3518 तक पहुंच गई है। जिसमें राज्य 24 जिले से कोरोना मरीज लगातार मिल रहे हैं। कोरोना से स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 2224 है,वहीं कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या1271 है और साथ ही मरने वाले की संख्या 23 तक पहुंच गई है।