दीपक प्रकाश ने रास सदस्य के रूप में ली शपथ, पीएम से कर सकते हैं मुलाकात

झारखंड भाजपा के अध्यक्ष एवं नव निर्वाचित राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने बुधवार को संसद भवन में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी । श्री प्रकाश पहली बार झारखंड से राज्यसभा के सदस्य चुने गए हैं।

कर सकते हैं प्रधानमंत्री से मुलाकात

दीपक प्रकाश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कर सकते हैं। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने के बाद पीएम मोदी से यह उनकी पहली मुलाकात होगी।

एबीवीपी से की थी करियर की शुरुआत
दीपक ने करियर की शुरुआत एबीवीपी से की थी। 2000 में जब झारखंड राज्य अलग हुआ तो मुख्यमंत्री बाबूलाल के कार्यकाल में झारखंड स्टेट मिनिरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जेएसएमडीसी) के चेयरमैन बनाए गए। जब बाबूलाल ने भाजपा छोड़ी और झाविमो बनाया तो दीपक प्रकाश उनके साथ चले गए थे। हालांकि, जल्द वह पुन: भाजपा में वापस आ गए।

भाजपा की पिछली कमेटी में दीपक प्रकाश प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके। लक्ष्मण गिलुवा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद महामंत्री बने। अब वे झारखंड भाजपा अध्यक्ष के साथ-साथ राज्यसभा सदस्य भी बन गए हैं।