रांची में प्याज के दाम में गिरावट, थोक कीमत 46 रुपये किलो तक पहुंची

रांची में प्याज के दाम में गिरावट, थोक कीमत 46 रुपये किलो तक पहुंची; लहसुन-अदरक महंगा

रांची। राजधानी रांची में प्याज की थोक कीमत में बुधवार को गिरावट दर्ज की गयी। पंडरा स्थित थोक मंडी में बढ़िया प्याज 45 से 46 रुपये किलो बिका। मंगलवार को इसकी कीमत 46 से 48 रुपये किलो थी। इस तरह एक दिन में प्याज की कीमत में करीब दो रुपये प्रति किलो तक की कमी आयी है।

मंडी में मध्यम प्याज 42 से 44 रुपये किलो और छोटा व निम्न किस्म का प्याज 30 से 35 रुपये किलो बिका। कारोबारियों के मुताबिक, अगस्त की शुरुआत में बढ़िया प्याज 25 से 30 रुपये किलो था। इसके मुकाबले मौजूदा कीमत काफी अधिक है।

एक प्याज व्यापारी ने बताया कि सरकार की ओर से बाजार में प्याज छोड़े जाने की सूचना के बाद कीमत में कुछ नरमी आयी है।

महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से आ रहा प्याज

फिलहाल रांची की पंडरा मंडी में महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर के अलावा मध्य प्रदेश के इंदौर से प्रतिदिन करीब आठ से 10 ट्रक प्याज पहुंच रहा है। पहले मंडी में रोजाना 15 से 20 ट्रक प्याज आता था।

व्यापारियों के अनुसार, कीमत बढ़ने और सावन का महीना होने के कारण प्याज की मांग में कमी आयी है। फिलहाल खुदरा बाजार में प्याज 50 से 55 रुपये किलो तक बिक रहा है।

व्यापारी के मुताबिक, अगले महीने आंध्र प्रदेश से नया प्याज आने के बाद कीमत में कुछ और गिरावट आने की संभावना है।

रांची में लहसुन की कीमत में तेजी

प्याज की कीमत में हल्की गिरावट के बीच लहसुन के दाम में तेजी देखने को मिल रही है। पंडरा थोक मंडी में फूल लड्डू लहसुन 170 से 180 रुपये किलो, मीडियम लहसुन 130 से 140 रुपये और छोटा लहसुन 110 से 115 रुपये किलो बिक रहा है।

व्यापारियों के अनुसार, जून के आखिरी सप्ताह तक लहसुन की कीमत 90 से 160 रुपये किलो के बीच थी। वर्तमान में मध्य प्रदेश और राजस्थान से रोजाना एक-दो ट्रक लहसुन रांची पहुंच रहा है।

खुदरा बाजार में लहसुन और अदरक 40 से 50 रुपये पाव की दर से बिक रहा है।

अदरक के दाम भी बढ़े

रांची मंडी में अदरक की थोक कीमत भी बढ़ी है। वर्तमान में अदरक 140 से 150 रुपये किलो बिक रहा है। इसकी आपूर्ति महाराष्ट्र और ओडिशा से हो रही है।

जून के आखिरी सप्ताह में अदरक की थोक कीमत 110 से 120 रुपये किलो थी। व्यापारियों के मुताबिक, सितंबर में स्थानीय नया अदरक आने के बाद कीमत में गिरावट आ सकती है।

फिलहाल स्थानीय नया अदरक कच्चा होने के कारण कम मात्रा में उपलब्ध है और ज्यादा टिकाऊ नहीं है। कारोबारियों को उम्मीद है कि करीब एक महीने में स्थिति में सुधार हो सकता है।

आलू के दाम फिलहाल स्थिर

रांची की पंडरा मंडी में आलू की कीमत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। सादा आलू 7 से 8 रुपये किलो, लाल अल्टीमेटम आलू 13 से 14 रुपये और लाल गोल आलू 10 से 11 रुपये किलो बिक रहा है।

मंडी में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से रोजाना करीब 20 से 25 ट्रक आलू पहुंच रहा है। पर्याप्त आवक के कारण फिलहाल आलू की कीमत में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें: BIT Mesra Admission 2026: होम स्टेट कोटा खत्म, झारखंड के सिर्फ 16% छात्रों को मिली सीट