मुख्यमंत्री हेमंत बने जेएमएम के केंद्रीय अध्यक्ष, गुरुजी संस्थापक संरक्षक

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के संगठन में 40 साल के बाद बड़ा बदलाव किया गया। शिबू सोरेन को संस्थापक संरक्षक बनाया गया है। जबकि केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में हेमंत सोरेन को कमान दी गई है। पार्टी ने इस बार कार्यकारी अध्यक्ष का पद समाप्त कर दिया गया है. 2015 के महादिवेशन में हेमंत सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

शिबू सोरेन को पार्टी का संस्थापक संरक्षक बनाए जाने का प्रस्ताव नलिन सोरेन ने रखा और स्टीफन मरांडी ने इसका समर्थन किया. इसके बाद, शिबू सोरेन ने हेमंत सोरेन को झामुमो का केंद्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. शिबू सोरेन ने मौजूद लोगों से हेमंत सोरेन को आशीर्वाद देने का आग्रह किया

शिबू सोरेन 1987 से झामुमो के अध्यक्ष थे और उन्होंने पार्टी को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अब उनकी भूमिका बदलकर संस्थापक संरक्षक की होगी, जिसमें वे पार्टी के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे.

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने वर्ष 2025 में अपने गठन के 53 वर्ष पूरे कर लिए हैं. इस दौरान पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड आंदोलन ने दिल्ली की सत्ता को झकझोर कर रख दिया था.

शिबू सोरेन के नेतृत्व में झामुमो ने अलग राज्य के आंदोलन को तेज किया और झारखंडी भावनाओं का ज्वार चढ़ता ही गया. तीर-धनुष झारखंडी अस्मिता, पहचान और हक-अधिकार की रक्षा का प्रतीक बना.