बोकारोः अपराधियों पर नजर नहीं रख पा रही तीसरी आंख

  • शहर के चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी खराब

  • तत्कालीन एसपी वाई एस रमेश ने की थी पहल

सरकार हमेशा कानून-व्यवस्था दुरूस्त करने की बात करती रहती है, लेकिन इस काम के लिए पुलिस को आवश्यक सुविधा उपलब्ध नहीं कराया जाता। आजकल अपराधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी आवश्यक हो गया है।बोकारो में पूर्व एसपी वाई एस रमेश ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से सीसीटीवी लगवाया था,लेकिन आज ये दम तोड़ चुका है।

चौक सीसीटीवी का हाल-बेहाल

ये है बोकारो शहर के एक चौक का नजारा जहां सीसीटीवी दिख रहा है। सीसीटीवी दिख तो रहा है लेकिन काम नहीं कर रहा। अपराधियों पर नजर रखने के लिए बोकारो के तात्कालीन एसपी वाई एस रमेश ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से लगवाया था। उद्देश्य था अपराधियों पर नजर रखना।बोकारो के चास, जैनामोड़ पेटरवार समेत कई जगहों पर सीसीटीवी लगाये गये थे, जबकि इसका कंट्रोल रूम एसपी आवास के कार्यालय में था।

तत्कालीन मुख्यमंत्री ने किया था उद्घाटन

तब काफी तामझाम के साथ तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसका उद्घाटन किया। वाई एस रमेश अपने मिशन में कामयाब हुए थे और अपराध पर अंकुश लगा लिया था। बोकारो चेंबर ऑफ कॉमर्स के तत्कालीन अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि पुलिस के आग्रह पर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने सीसीटीवी लगवाये लेकिन आज सभी खराब पड़े हुए हैं।

एसपी को नहीं है जानकारी

इस संदर्भ में जब बोकारो के वर्तमान एसपी चंदन कुमार झा ने बात की गयी तो उन्होंने कहा कि सीसीटीवी खराब होने की जानकारी नहीं है, उन्होंने आश्वासन दिया कि चेंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से सीसीटीवी को दुरूस्त कर लिया जायेगा।

अपराधियों पर नजर रखने के लिए बोकारो जिले के विभिन्न चौक चौराहे में लगाए गए सीसीटीवी देखरेख के अभाव में बेकार हो गए, इसको लेकर पुलिस के अधिकारी भी संजीदा नहीं हैं।बहरहाल सबसे बड़ा सवाल है कि जब कोई व्यवस्था बहाल किया जाता है तो बाद में ये चालू क्यों नहीं रहता,  आखिर पूर्व एसपी के जाने के बाद ही दूसरे एसपी इस को आगे बढ़ाने का काम क्यों नहीं करते।