रांची में बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे तीन अपराधी गिरफ्तार, दो पिस्टल और गोलियां बरामद
- By rakesh --
- 21 Sep 2026 --
- comments are disable
रांची: राजधानी में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के पास की गई. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी बाइक से इलाके में घूम रहे थे और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल और गोलियां बरामद होने की जानकारी दी गई है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 19 सितंबर की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार तीन व्यक्ति हथियारों के साथ इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास किसी वारदात की तैयारी कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया. टीम ने पेट्रोल पंप के पास छापेमारी कर लाल-काले रंग की बाइक पर सवार तीनों आरोपियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद किए गये.
पुलिस ने मामले में जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 281/26 दर्ज किया है. आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस और रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इसके अलावा बरामद हथियारों के स्रोत और आरोपियों के संभावित सहयोगियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है.
कमल भूषण हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि तीनों आरोपियों के नाम कमल भूषण हत्याकांड से जुड़े मामले में भी सामने आए थे. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपियों की उस मामले में क्या भूमिका रही थी.
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के बीच संबंधों और आरोपियों की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही उनकी कथित भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
तीनों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकाश कुमार वर्मा के खिलाफ सुखदेवनगर थाने में हत्या, लूट, मारपीट, हत्या की साजिश और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ वर्ष 2015, 2019, 2021 और 2023 में अलग-अलग मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
वहीं, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ दाबुस के खिलाफ भी लूट, हत्या, हथियार रखने और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में वर्ष 2021, 2023 और 2025 में मामले दर्ज हुए हैं.
रोहित कुमार सिंह के खिलाफ कोतवाली और सुखदेवनगर थानों में कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. उसके आपराधिक रिकॉर्ड में मारपीट, चोरी, अपहरण, हत्या, हत्या की साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. वर्ष 2018 और 2023 के मामलों में हत्या और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं भी दर्ज हैं.
पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और संभावित आपराधिक योजना का पता लगाने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: शिवराज सिंह चौहान 8 अक्टूबर को आएंगे रांची, आईआईएचबी के प्रशासनिक भवन का करेंगे उद्घाटन