रांची। लेह लद्दाख से पहुंचे मजदूर को सीएम ने किया स्वागत
- By admin --
- 29 May 2020 --
- comments are disable
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रात बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची में लेह लद्दाख से हवाई जहाज से लौटने वाले प्रवासी मजदूरों का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने प्रवासी मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।
उन्होंने कहा कि हवाई जहाज से प्रवासी मजदूरों को विधिवत तरीके से लाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। अब अंडमान में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों को भी हवाई मार्ग से झारखंड लाने की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे इलाकों जहां ट्रेन अथवा अन्य परिवहन साधनों के विकल्प सीमित है, वहां से प्रवासी मजदूरों को हवाई जहाज से वापस लाया जाएगा।
इस सिलसिले में राज्य के अधिकारी केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि झारखंड देश का ऐसा पहला राज्य है जिसने सबसे पहले हवाई जहाज से मजदूरों को वापस लाने की मांग केंद्र सरकार से की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी मजदूरों को सकुशल और सुरक्षित लाने का सिलसिला तब तक जारी रहेगा , जब तक सभी वापस नहीं आ जाते। अब तक राज्य में विशेष ट्रेनों और बसों के माध्यम से लगभग 4.5 लाख मजदूरों को वापस लाया जा चुका है l
इसके अलावा अपने राज्य वापस आगे के इच्छुक मजदूरों को हर हाल में जल्द से जल्द वापस लाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन राज्यों से हमारी सरकार लगातार संपर्क में हैं जहां प्रवासी मजदूर फंसे हुए हैं। उन राज्यों से आग्रह किया गया है कि वे इन मजदूरों को वापस भेजने में सहयोग करें।