चतरा : नाबालिग की बेरहमी से पिटाई मामले का आरोपी आया सामने, दी यह सफाई

चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोबना गांव में 15 अगस्त को रस्सी से बांधकर नाबालिग समेत दो लोगों की बेरहमी से पिटाई के वायरल वीडियो मामले में नया मोड़ आ गया है।

मामले में सीएम हेमंत सोरेन के संज्ञान लेने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश के बाद घटना के आरोपी मुखिया पति संजय दांगी मीडिया के सामने आए ।

उन्होंने कोबना गांव में ग्रामीणों की उपस्थिति में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर घटना में अपनी संलिप्तता से साफ इंकार किया है। उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनका नाम उछाल कर उन्हें बदनाम करने की गंदी साजिश रचने का आरोप लगाया है।

 थाना प्रभारी ने फोन पर मामला शांत कराने का  दिया था निर्देश- संजय दांगी 

मुखिया पति ने कहा है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। वह 15 अगस्त के लिए अपनी पत्नी के साथ पंचायत सचिवालय में झंडोत्तोलन के लिए गए थे। इसी दौरान हंटरगंज थाना प्रभारी ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी देते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मामला शांत कराने का निर्देश दिया था।

जिसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे थे और बेलगाम भीड़ की हरकतों से न सिर्फ पीड़ित नाबालिग समेत दोनों बच्चों को मुक्त कराया था बल्कि उन्हें घायल अवस्था में थाना प्रभारी के निर्देश पर अस्पताल भी पहुंचाया था।

मुखिया पति ने कहा है कि 15 अगस्त के दिन गांव में दो स्थानों पर चोरी के आरोप में भीड़ ने गांव के ही दो नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ रखा था। जिसके बाद उन्होंने भीड़ से उन सभी को मुक्त कराकर प्रशासन को सौंपा था।

बदनाम करने की साजिश -मुखिया पति

मुखिया पति ने इस पूरे मामले में गांव के ही राजू दास व अन्य युवकों पर राजनीति लाभ उठाने के लालच में घटना को अंजाम देने और सुनियोजित तरीके से उनका नाम बदनाम करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा है कि राजू दास ही चारों युवकों को चोरी के आरोप में पकड़ कर गांव लाया था और लॉकडाउन अवधि में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए नाजायज मजमा लगा कर उससे पूछताछ शुरू की थी।

जिसके बाद पकड़े गए युवकों के द्वारा चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने के बाद भीड़ बेकाबू हो गई और उनकी रस्सी में बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी थी।

वीडियो में राजू दास पूछताछ करता दिख रहा है

इस बाबत आरोपी मुखिया पति ने घटना के दिन का कई वीडियो भी मीडिया में जारी किया है। जिसमें राजू दास नामक युवक भीड़ के बीच पकड़े गए चारों युवकों से पूछताछ करता दिख रहा है।

मुखिया पति ने कार्रवाई की मांग की

मामले में आरोपी मुखिया पति ने पुलिस से वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर आरोपी राजू दास भी यह स्वीकार कर रहा है कि उसने उपस्थित भीड़ की मौजूदगी में ही पकड़े गए चोरों से पूछताछ की थी। जिसके बाद जब भीड़ में शामिल लोग पकड़े गए नाबालिग समेत अन्य चोरों की पिटाई कर रहे थे, तो मामले की जानकारी मुखिया को भी दी गई थी।

घटना के चार दिन बाद वायरल हुआ था वीडियो 

लेकिन मौके पर ना तो मुखिया पहुंचीं और ना ही उनके पति। गौरतलब है कि 15 अगस्त के दिन कोबना गांव में चोरी का आरोप लगाकर भीड़ के द्वारा नाबालिग समेत दो लोगों को रस्सी में बांधकर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई थी। जिसका वीडियो घटना के चार दिन बाद 19 अगस्त को सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।

सीएम ने डीसी और एसपी को दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का दिया था निर्देश

वीडियो वायरल होते ही सीएम ने मामले में संज्ञान लेकर चतरा डीसी और एसपी को मामले की जांच करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर सूचित करने का निर्देश दिया था। मामले में मुखिया पति संजय दांगी व सरकारी शिक्षक सुशील सिंह समेत अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगा था। जिसमे तीन लोंगो को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है।