भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बना झारखंड का जन आंदोलन: देवेन्द्र

JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा देवघर पहुंची, देवेन्द्रनाथ महतो बोले- अब पूरे झारखंड का जन आंदोलन

देवघर: JPSC-JSSC भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के आठवें दिन देवघर पहुंची। यात्रा की शुरुआत नगर पुस्तकालय से हुई और टावर चौक होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंची। इसके बाद मधुपुर, इदगाह मोड़ और नारायणपुर में भी यात्रा का स्वागत किया गया।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा के दौरान छात्र-युवाओं और आम लोगों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर समर्थन जताया। भारी बारिश के बावजूद देवघर में बड़ी संख्या में छात्र और युवा यात्रा में शामिल हुए।

संथाल परगना प्रमंडल में यात्रा का हुआ समापन

आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा कि देवघर पहुंचने के साथ भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का संथाल परगना प्रमंडल का चरण पूरा हो गया।

उन्होंने कहा कि संथाल परगना के छात्र, युवा और आम लोगों ने जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर इस आंदोलन को समर्थन दिया। उनके अनुसार, यात्रा के दौरान मिला समर्थन केवल स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।

देवेन्द्रनाथ महतो ने दावा किया कि व्यापक जनसमर्थन के बाद यह आंदोलन अब किसी एक व्यक्ति या क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे झारखंड के युवाओं और छात्रों से जुड़ा जन आंदोलन बन चुका है।

सिद्धो-कान्हू और भोगनाडीह से मिली संघर्ष की प्रेरणा

देवेन्द्रनाथ महतो ने कहा कि यात्रा के दौरान संथाल परगना की ऐतिहासिक और क्रांतिकारी धरती को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव और भोगनाडीह जैसे ऐतिहासिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन स्थानों से संघर्ष को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली।

उन्होंने कहा कि बाबा नगरी देवघर पहुंचकर महादेव के दर्शन से भी उन्हें नई ऊर्जा और आंतरिक शक्ति की अनुभूति हुई।

महतो ने संथाल परगना प्रमंडल के छात्र-युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता के प्रति यात्रा को मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

अब धनबाद और बोकारो से होकर कोल्हान पहुंचेगी यात्रा

देवेन्द्रनाथ महतो ने बताया कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का अगला चरण धनबाद और बोकारो में होगा। इसके बाद यात्रा कोल्हान प्रमंडल पहुंचेगी और फिर पलामू प्रमंडल में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से युवाओं से जुड़े रोजगार और भर्ती व्यवस्था के मुद्दों को लगातार उठाया जा रहा है।

सरकार से भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग

देवेन्द्रनाथ महतो ने राज्य सरकार से युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं के हित में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

यात्रा को सफल बनाने में मुकेश, प्रदीप, प्रीति, खुशबु, नेहा, दीपिका, राजेश, सुनील, प्रेम, उदय और अमित सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

यह भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव को 50 करोड़ का मानहानि नोटिस, संजय सिंह ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम