रांची। भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश को आया सीवियर हार्ट अटैक,हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री

रांची। झारखंड भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश की गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया। फिलहाल, उनकी तबीयत ठीक बतायी जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दीपक प्रकाश को सीवियर हार्ट अटैक आया था। इसके बाद परिजनों ने उन्हें रिम्स में भर्ती कराया। उधर, डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

उधर, दीपक प्रकाश को सीवियर हार्ट अटैक की खबर के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता रिम्स पहुंचे और डॉक्टरों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। साथ ही डॉक्टरों को दीपक प्रकाश के उचित इलाज का निर्देश दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स निदेशक को फोन कर उनके बेहतर इलाज का निर्देश दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी रिम्स निदेशक को फोन कर दीपक प्रकाश का हाल जाना।

कार्यकर्ताओं से रिम्स न आने की अपील

वहीं, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और दीपक प्रकाश के पुत्र हर्ष ने बताया कि दीपक प्रकाश की तबीयत अब ठीक है। प्रतुल शाहदेव ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे रिम्स की ओर न जाएं। दीपक प्रकाश की उचित देखभाल डॉक्टर्स कर रहे हैं।

हार्ट अटैक से कुछ मिनट पहले विशाखापट्टनम की घटना को लेकर किया ट्वीट

सीवियर हार्ट अटैक से कुछ मिनट पहले दीपक प्रकाश ने विशाखापट्टनम हादसे को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि विशाखापट्टनम के एक पॉलीमर प्लांट में सुबह अचानक केमिकल गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया है। केन्द्र सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, राहत और बचाब कार्य जारी है। लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मैं प्रार्थना करता हूं कि प्रभु सबको जल्द स्वस्थ करें।

फरवरी में केंद्रीय नेतृत्व ने सौंपी है प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

दीपक ने करियर की शुरुआत एबीवीपी से की थी। 2000 में जब झारखंड राज्य अलग हुआ तो मुख्यमंत्री बाबूलाल के कार्यकाल में झारखंड स्टेट मिनिरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जेएसएमडीसी) के चेयरमैन बनाए गए। जब बाबूलाल ने भाजपा छोड़ी और झाविमो बनाया तो दीपक प्रकाश उनके साथ चले गए थे। हालांकि, जल्द वह पुन: भाजपा में वापस आ गए।

भाजपा की पिछली कमेटी में दीपक प्रकाश प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके। लक्ष्मण गिलुवा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद महामंत्री बने। फिलहाल, वे झारखंड भाजपा के अध्यक्ष हैं। बता दें कि दीपक प्रकाश झारखंड की दो में से एक सीट के लिए भाजपा की तरफ से राज्यसभा के उम्मीदवार भी हैं।