दुमकाः लूट की रकम बरामद करने के लिए लगी तीन राज्यों की पुलिस
- By admin --
- 13 Jul 2020 --
- comments are disable
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रिंग रोड के पास आंध्रप्रदेश के ट्रक चालक से 20 लाख रुपए के लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10.48 लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं जबकि उनके निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल वाहन को भी बरामद किया गया है। इस बात की जानकारी दुमका एसपी अंबर लकड़ा ने दी।
तीन राज्य का पुलिस ने किया कार्य
एसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम का गठन किया गया था। गठित सभी टीम के दौरान आपसी तालमेल बनाकर गुप्त सूचना एवं अन्य सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पश्चिम बंगाल, बिहार एवं झारखंड के जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह एवं अन्य क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान देवघर मधुपुर के मार्गोमुंडा थाना के घाघरा (बनसिमी) गांव के इमामुद्दीन अंसारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान इमामुद्दीन ने अपराध स्वीकार कर लिया और घटना को अपने साथियों के साथ अंजाम देने की बात कही।
मिलकर दिया था वारदात का अंजाम
इमाम के साथियों में ताजुद्दीन खान उर्फ बाबू खान, अब्दुल मजिद अंसारी, अब्दुर रउफ और अन्य साथी शामिल थे। सभी ने मिलकर प्लान बनाकर वारदात को अंजाम दिया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर महिंद्रा टीयूवी कार और इमामुद्दीन को लूट में मिले हिस्सा दो लाख 98 हजार रुपए और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया।
फिर इमामुद्दीन के निशानदेही पर घटना में शामिल ताजुद्दीन खान उर्फ बाबू खान, अब्दुर रउफ और अब्दुल मजिद अंसारी को गिरफ्तार किया गया और तीनों अन्य अपराधियों के पास से ढाई-ढाई लाख रुपए, बाइक और मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया गया।