पाकिस्तान में मारा गया लश्कर का टॉप कमांडर अबू सैफुल्लाह !

पाकिस्तान में मारा गया लश्कर का टॉप कमांडर अबू सैफुल्लाह, अज्ञात हमलावरों ने किया ढेर

ऑपरेशन सिंदूर से सदमे में आए पाकिस्तान के आतंकियों के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है. आरएसएस मुख्यालय नागपुर पर 2006 में हुए आतंकी हमले की साजिश रचने वाला लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर अबू सैफुल्लाह पाकिस्तान में मारा गया. लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अबू सैफुल्लाह को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर ढेर कर दिया.

लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर अबू सैफुल्लाह भारत में आतंकी हमले करवाने का काम करता था. अबू सैफुल्लाह उर्फ मोहम्मद सलीम ने नेपाल में अपना आतंकी नेटवर्क फैला रखा था और वहीं से भारत के खिलाफ आतंकी साजिशों को अंजाम देता था.

भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने अबू सैफुल्लाह को मोस्ट वांडेट आतंकियों की लिस्ट में डाल रखा था. इसी के चलते वो नेपाल छोड़कर वापस पाकिस्तान भाग गया था. पाकिस्तान में रहने के दौरान ही उसकी अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी.