रांची: अपराधियों ने उसकी बाइक रुकवाई और फायरिंग शुरु कर दी…

कोविड-19 में अनलॉक के तहत मिली छूट के कारण राज्य में लगातार आपराधिक घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हत्या, चोरी और लूटपाट के साथ-साथ आत्महत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

इसी क्रम में राज्य की राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मार की हत्य़ा कर दी। हत्या के समय युवक के साथ उसके दोस्त मौजूद थे, जिसे अपराधियों ने घटनास्थल से डराकर भागा दिया।

घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है। हत्या की वजहों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। युवक की पहचान मोहन उरांव के रूप में की गई। वो इटकी थाना क्षेत्र के गड़गांव का रहने वाला था। मृतक की पत्नी ने बताया कि मोहन का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार युवक जमीन कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। युवक सुबह अपने दोस्त के साथ बाइक से नगड़ी आ रहा था। इसी बीच पतराटोली के पास चारों अपराधियों ने उसकी बाइक रुकवाई और मोहन पर फायरिंग शुरु कर दी। इससे मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।