JPSC-JSSC परीक्षा धांधली पर भाजपा का 48 घंटे का अल्टीमेटम 1

JPSC-JSSC परीक्षा धांधली पर भाजपा का 48 घंटे का अल्टीमेटम, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

भाजपा ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को अविलंब वापस लेने और JPSC-JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने सरकार को 48 घंटे का समय देते हुए कहा है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा छात्रों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

आदित्य साहू ने कहा- न्याय नहीं मिला तो सड़क पर उतरेगी भाजपा

मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य के छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली होती है और प्रश्नपत्र लीक किए जाते हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि छात्र जब अपने साथ हुए अन्याय के विरोध में शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आंदोलन करते हैं, तो उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाती है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के विभिन्न थानों में 1,000 से अधिक छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई के साथ-साथ आंदोलन के दौरान हिंसा करने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में भेदभाव किया जा रहा है।

छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग

भाजपा की ओर से मुख्य सचिव को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि JPSC-JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में झारखंडी छात्रों ने लगभग एक महीने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन किया।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आंदोलन के दौरान और उसके बाद छात्रों की आवाज दबाने के लिए राज्य के विभिन्न थानों में मामले दर्ज किए गए। भाजपा ने शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज सभी FIR को तत्काल रद्द करने की मांग की है।

पार्टी ने अपने पत्र में सर्वोच्च न्यायालय के उस आदेश का भी हवाला दिया है, जिसमें देशभर में छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने का उल्लेख किया गया है।

JPSC-JSSC परीक्षाओं की CBI जांच की मांग

भाजपा ने राज्य सरकार से JPSC और JSSC द्वारा आयोजित उन परीक्षाओं की CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की है, जिन्हें धांधली के आरोपों के कारण रद्द या स्थगित किया गया है।

इसके अलावा पार्टी ने आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद समान रूप से दोषी बताए जा रहे आयोग के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन में उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है, जिनके अधीन काम करने वाले कनिष्ठ कर्मचारियों की कथित परीक्षा धांधली के मामले में गिरफ्तारी हुई है।

JPSC-JSSC परीक्षा धांधली पर भाजपा का 48 घंटे का अल्टीमेटम

भाजपा नेताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

आदित्य साहू ने कहा कि यदि छात्रहित से जुड़ी मांगों पर सरकार ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा छात्रों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद होने वाले आंदोलन की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

मुख्य सचिव से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और भानु प्रताप शाही समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल में अमर कुमार बाउरी, सांसद बीडी राम, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, सत्येंद्र नाथ तिवारी, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, मंजु कुमारी, शत्रुघ्न महतो, रागिनी सिंह और रौशनलाल चौधरी भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें: Ranchi News: नयासराय रेलवे फाटक तीन रात रहेगा बंद, जानें तारीख और समय