रांचीः जलकुंभी मुक्त कराने की कवायद नगर निगम ने की तेज
- By admin --
- 15 Jun 2020 --
- comments are disable
रांचीः शहर के बीचोंबीच स्थित बड़ा तालाब के पानी को जलकुंभी के जाल से मुक्त कराने की कवायद सोमवार को शुरू हो गई। सांसद संजय सेठ, मेयर आशा लाकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त मनोज कुमार के नेतृत्व में सिविल सोसाइटी के लोगों ने तालाब से जलकुंभी निकालने का काम शुरू किया।
इसके बाद जेसीबी लगाकर बड़े पैमाने पर जलकुंभी निकाली गई। साथ ही 10 कर्मचारियों की टीम जलकुंभी निकालने के लिए नियुक्त की गई ,जो रोजाना सुबह से दोपहर तक तालाब में फैले जलकुंभी निकालेगी।
सांसद और मेयर ने कहा कि बड़ा तालाब के सौंदर्यकरण का विस्तृत प्लान बन गया है। सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। तब तक तालाब को जलकुंभी से मुक्त करने के लिए विशेष टीम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि मानसून में तलाब में पानी का भराव होगा।
इसलिए इसकी सफाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही तालाब के पानी को साफ करने के लिए रिमेडियेशन टेक्नॉलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने नगर आयुक्त को तालाब में कचरा फेंकने वाले और आसपास वाहन साफ करने वालों पर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। मौके पर डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पार्षद अरुण झा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।