रांची :आज सीएम और पूरे परिवार की होगी कोरोना जांच, कई कर्मचारी मिले थे पॉजिटिव

सीएम आवास के कई कर्मचारियों के पॉजिटिव होने की रिपोर्ट के बाद आज मंगलवार को सीएम और उनके परिवार की कोरोना जांच होगी।झारखण्ड में मुख्यमंत्री आवास से जुड़े 17 कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। इनमें सचिव रैंक का एक अधिकारी, कुक ड्राइवर, आवास में काम करने वाले अन्य कर्मचारी और सुरक्षा कर्मचारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री आवास को इसकी सूचना दे दी गयी है। साथ ही इन संक्रमितों के सीधे संपर्क में आनेवालों की सूची मांगी गयी है, ताकि उनकी भी जांच करायी जा सके। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी दोबारा कोरोना की जांच करायेंगे।

इससे पहले कोरोना संक्रमित पाये गये मंत्री मिथिलेश ठाकुर के संपर्क में आने के कारण मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सभी सदस्यों की कोरोना जांच करायी गयी थी, जिसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आयी थी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास का एक चालक और एक कर्मचारी कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित पाये गये थे. एहतियात के तौर पर 31 जुलाई को सीएम आवास से जुड़े 50 लोगों की कोरोना जांच के लिए स्वाब सैंपल लिये गये थे। आरटीपीसीआर से जांच के लिए सभी के सैंपल रिम्स के माइक्रोबायोलाजी लैब भेजे गये थे।