Ranchi News: हरमू चौक का बदला नाम, अब ‘विकसित भारत संकल्प चौक’

Ranchi News: हरमू चौक का बदला नाम, अब ‘विकसित भारत संकल्प चौक’

रांची: राजधानी रांची के हरमू चौक का नाम बदलकर ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया गया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ हरमू चौक पहुंचकर नामकरण कार्यक्रम किया। इस दौरान चौक पर नए नाम का बोर्ड भी लगाया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ नाम वाले बोर्ड का अनावरण किया। कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

आदित्य साहू ने बताया नामकरण का उद्देश्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उनके मुताबिक, स्वतंत्रता के 100वें वर्ष यानी 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है।

आदित्य साहू ने कहा कि इस बड़े लक्ष्य के लिए देश के नागरिकों की भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है। इसी भावना को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरमू चौक का नामकरण ‘विकसित भारत संकल्प चौक’ किया गया है।

उन्होंने कहा कि हरमू चौक रांची का प्रमुख चौक है, जहां से रोज बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, नया नाम लोगों को विकसित भारत के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका की याद दिलाता रहेगा।

युवाओं, महिलाओं और किसानों की भागीदारी पर जोर

आदित्य साहू ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत बताई।

उन्होंने सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत करने के साथ नवाचार, ‘मेक इन इंडिया’ और उद्यमिता को बढ़ावा देने की बात कही। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार को भी उन्होंने विकसित भारत की यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया।

बीजेपी कार्यालय के बाहर हुई आतिशबाजी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार शाम भाजपा कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा को अभूतपूर्व बताते हुए इस दिन को खास बताया। वहीं भाजपा नेता रमेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से बिना थके और बिना रुके जनसेवा कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर इस अवसर का जश्न मनाया।

यह भी पढ़ें: Ranchi News: वियतनाम हादसे में मृत राजा कुमार वर्मा के परिवार को 5 लाख की मदद