सिमडेगा। पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच मुठभेड़,एक की मौत

सिमडेगा। झारखंड-ओड़िसा सीमा से सटे जलडेगा थाना क्षेत्र के बांसजोर आपी के बेंदूचुआ जंगल में पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने एक उग्रवादी को मार गिराया। साथ ही दो महिला उग्रवादियों समेत पांच को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से एके 47, एक देशी कट्ठा, चार पीस थ्री 15 बंदूक और काफी संख्या में कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

गिरफ्तार उग्रवादियों में एरिया कमांडर गुमला के पोकला निवासी जॉनसन बरला भी शामिल है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई उग्रवादियों का एक दस्ता किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इसी सूचना पर झारखंड जगुआर और जलडेगा थाने की पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

उग्रवादियों ने की फायरिंग शुरू

सुरक्षा बल के जवान जैसे ही जंगल में पहुंचे, उग्रवादियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े सात बजे तक चली इस मुठभेड़ में दोनों ओर से कई चक्र फायरिंग हुई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए उग्रवादी का नाम पंडित है।एक उग्रवादी बानो थाना क्षेत्र के कानारोआ जामबेडा निवासी जॉनसन कंडुलना गोली लगने से घायल है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा मुठभेड़ में शामिल हेमंती टोपनो, मोयलेंन बडिंग, बिरसा कोंगाडी और सनिका कंडुलना भी गिरफ्तार किए गए हैं।