कतरास में अवैध कोयला खदान की चाल धंसी, 2 मौत की सूचना; 3 घायल, कई के दबे होने की आशंका
- By rakesh --
- 13 Sep 2026 --
- comments are disable
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के कतरास में रविवार सुबह अवैध कोयला खदान की सुरंग धंसने से बड़े हादसे की सूचना सामने आई है। रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में सुबह करीब सात बजे हुए हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत की सूचना है, जबकि तीन घायलों को मलबे से बाहर निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। वहीं, मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृतकों और मलबे में दबे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कोयला काटने और चुनने सुरंग में गए थे लोग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ महिला और पुरुष अवैध सुरंग के रास्ते अंदर गए थे। बताया जा रहा है कि वे वहां कोयला काटने और चुनने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सुरंग का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया।
चाल धंसते ही वहां मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का काम शुरू किया। ग्रामीणों ने कुदाल, गैंता और दूसरे स्थानीय साधनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मलबे से दो लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी एक व्यक्ति के शामिल होने की बात कही जा रही है।
तीन घायलों को नर्सिंग होम में कराया गया भर्ती
हादसे के बाद मलबे से तीन घायलों को भी बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इधर, स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सुरंग के भीतर मलबे के नीचे अभी कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए मौके पर राहत और बचाव की कोशिशें जारी हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बाइक से बाजारों तक पहुंचाया जाता था कोयला
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में संचालित अवैध सुरंगों से निकाले गए कोयले को बाइक के जरिए आसपास के बाजारों तक ले जाकर बेचने का काम किया जाता था।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय भी कुछ लोग इसी तरह सुरंग के अंदर कोयला काटने और चुनने के लिए गए थे। इसी दौरान खदान की चाल धंसने से हादसा हुआ।
हालांकि, अवैध खनन और कोयले की बिक्री से जुड़ी इन स्थानीय जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पूरे मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस मौके पर पहुंची, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव की कार्रवाई के साथ घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
फिलहाल दो लोगों की मौत, तीन लोगों के घायल होने और कुछ अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की बात स्थानीय स्तर पर सामने आई है। लेकिन मौत और मलबे में लोगों के फंसे होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
राहत-बचाव अभियान और अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे में मृतकों, घायलों और संभावित रूप से मलबे में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो पाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्ष के आधार पर की जाएगी।
यह भी पढ़ें: झारखंड के राजस्व संग्रह पर वित्त मंत्री का बड़ा दावा, लक्ष्य से 6% पीछे चल रहा राज्य