रांची: कांग्रेस ने निजी स्कूलों की सहायता के लिए पीएम को लिखा पत्र

अभिभावक फीस का नहीं कर रह भुगतान’-आलोक दूबे

बीजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष ने आलोक दूबे को स्कूल का बताया दलाल

कांग्रेस का दोहरा चाल और चरित्र- अजय राय

कांग्रेस प्रवक्ता सह प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, झारखंड इकाई, के अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से निजी स्कूलों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

 कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दूबे ने कहा कि कोविड-19 से उत्पन्न संकट के कारण किराये के भवनों में संचालित हो रहे झारखंड के कई निजी स्कूल बंदी के कगार पर हैं। बिजली बिल, बैंकों का कर्ज, वाहनों का टैक्स आदि की भरपाई स्कूल कैसे करे, इसे लेकर स्कूलों के संचालक पिछले तीन-चार माह से आर्थिक और मानसिक संकट झेल रहे हैं।

 बाबूलाल मरांडी तथा दीपक प्रकाश भी करें मदद

 आलोक दूबे ने इस संबंध में पूर्व सीएम सह बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी तथा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को भी एक प्रति भेजकर आग्रह किया है। आग्रह में निजी स्कूलों, वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों तथा शिक्षकों-शिक्षकेत्तर कर्मियों के हित को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से मदद दिलाने के लिए कहा गया है।

निजी स्कूल सरकार को मदद करते हैं- दूबे

दूबे ने ये भी कहा कि जरुरत पड़ने पर सरकार या प्रशासन निजी स्कूलों के भवनों, फर्निचर, शौचालय, स्कूल के मैदान के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं को संचालित करने या क्वारेंटीन सेंटर के ले लेती है। इस परिस्थिति में भी निजी विद्यालय अपने यहां पठन-पाठन को स्थगित कर सरकार की भरपूर मदद करने में कोई चूक नहीं करते।

अभिभावक फीस का नहीं कर रह भुगतान

 निजी विद्यालयों का सारा दारोमदार अभिभावकों द्वारा फीस की भुगतान पर ही निर्भरत करता है, लेकिन सबसे बड़ी परेशानी का सबब यह है कि पिछले तीन-चार महीनों से अधिकतर विद्यार्थियों के अभिभावक निजी स्कूलों को भी भुगतान नहीं कर रहे हैं।

 बीजेपी के अमित सिंह का पलटवार

 इस मामले पर बीजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह ने अपने दिए बयान में कहा है कि कांग्रेस के आलोक दूबे को स्कूलों के दलालके रुप में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका पीएम को चिट्ठी लिखना जायज नहीं है, अगर केंद्र से मदद मांगनी ही है तो राज्य सरकार मांगे।

 

 कांग्रेस का दोहरा चाल और चरित्र- अजय राय

फेडरेशन ऑफ पैरेंट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव, अजय राय ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि एक तरफ भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वढेरा  यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीन माह के स्कूल फीस की माफी के लिए पत्र लिखती हैं, वहीं झारखंड की कांग्रेस पार्टी अभिभावकों से फीस वसूलने की बात करती है। ये बात समझ से परे लगती है और इससे कांग्रेस का दोहरा चाल और चरित्र साफ झलकता है।