बोकारो: एसपी का फर्जी फेसबुक आईडी बना परिचितों से मांगे पैसे, क्या है पूरा मामला
- By admin --
- 24 Jul 2020 --
- comments are disable
साइबर अपराधी हर किसी को अपना निशाना बना रहे है। आम जनता, मंत्री, विधायक हो या आईपीएस कोई भी अछुता नही। ऐसा ही एक बड़ा मामला बोकारो से है। जहां साइबर अपराधियों ने बोकारो एसपी चंदन कुमार झा का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उनके परिचितों से पैसे हड़पने की कोशिश की। घटना के कुछ दिनों बाद एसपी के एक दोस्त ने मामले की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई है।
हालांकि, अभी तक अपराधी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। इस मामले में बोकारो एसपी चंदन कुमार झा ने बताया कि साइबर अपराधियों की तलाश जारी है। मथुरा और दिल्ली का लिंक मिला है। बहुत जल्द इन अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी अभी तक बोकारो पुलिस के हाथ सफलता नहीं लग पाई है। पुलिस की पकड़ में साइबर अपराधियों का नहीं आना, कहीं ना कहीं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
साइबर अपराधियों ने बोकारो एसपी चंदन कुमार झा के फेसबुक एकाउंट का का क्लोन बना कर मैसेंजर के जरिए दोस्तों और जान-पहचान के लोगों से पैसे मांगने लगे. जिसकी जानकारी बोकारो एसपी के किसी दोस्त ने उन्हें दी. जिसके बाद साइबर अपराधियों की ओर से बनाए गए क्लोन एकाउंट को साइबर सेल ने तुरंत ब्लॉक कर दिया।
अब पुलिस को साइबर अपराधियों की तलाश है। बोकारो एसपी ने अपील की है कि फेसबुक मैसेजे के जरिए कोई पैसे मांगे तो ऐसे मैसेज पर ध्यान न दें और इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके पूर्व में भी बोकारो के पूर्व डीसी मुकेश कुमार के एकाउंट को भी कुछ इसी तरह से साइबर अपराधियों ने निशाना बनाया था।
उसके बाद उस आईडी को भी ब्लॉक कराया गया। ऐसे में यह कहना कहीं से गलत नहीं होगा कि साइबर अपराधियों कें हौसले बुलंद हैं और उनको किसी का खौफ नहीं है। अगर खौफ होता तो इस तरह आईएएस अधिकारियों के अकाउंट का क्लोन बनाने की हिमाकत अपराधियों में नहीं होती।