रांचीः राज्य में नहीं रुक रहा है कोरोना की रफ्तार, आंकड़ा 48 सौ के पार

झारखंड में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 239 मामले सामने आये हैं। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4815 पहुंच गया है। छह संक्रमितों की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 44 हो गयी है। अब तक 2513 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, 2263 एक्टिव केस हैं। झारखंड में कोरोना वायरस से जुड़ी खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ…

पिछले माह 88 वर्षीया महिला दिल्ली से रानीबाजार पहुंची थी। वह एक शादी समारोह में शामिल हुई थी, तबीयत बिगड़ने पर उसे चास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मौत के बाद वह जांच में कोरोना पॉजिटिव पायी गयी थी। इसके बाद महिला के तीन बेटों की मौत कोरोना से हो गयी। आज चौथे बेटे ने भी दम तोड़ दिया। उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है।

6866 सैंपल की हुई जांच

16 जुलाई को 7435 सैंपल लिये गये थे। जिसमें 6866 सैंपल की जांच की गयी है। इसके साथ ही राज्य में दो लाख 16 हजार 276 सैंपल लिये गये हैं और दो लाख तीन हजार 279 सैंपल की जांच हो गयी है, इस समय बैकलॉग में 12997 सैंपल बचे हुए हैं।

कई अधिकारी कोरोना संक्रमित

सीसीएल दरभंगा हाउस के दो अधिकारी भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस कारण मुख्यालय को सैनिटाइज करने के लिए बंद किया गया है। पंचायती राज विभाग में भी एक कर्मी कोरोना संक्रमित मिला है। विभाग को बंद कर दिया गया है। वहीं बाघमारा में बीसीसीएल के जीएम उनकी पत्नी व बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं।

कई पुलिसकर्मी संक्रमित

रांची में थाना से लेकर पुलिस मुख्यालय तक कोरोना संक्रमण पहुंच गया है। रांची जिले में तीन थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाये गये हैं. इनमें लालपुर, सदर व गोंदा के थाना प्रभारी तथा खेलगांव थाना का एक पुलिसकर्मी सहित चार पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। पुलिस मुख्यालय में आइजी का एक रीडर भी संक्रमित मिला है। गौरतलब है कि अब तक रांची में कुल 39 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। विभिन्न अस्पतालों में इनका इलाज चल रहा हैं।