वियतनाम हादसे में मृत राजा कुमार वर्मा के परिवार को 5 लाख की मदद

Ranchi News: वियतनाम हादसे में मृत राजा कुमार वर्मा के परिवार को 5 लाख की मदद

रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के कैलास नगर निवासी स्व. राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को झारखंड सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। यह राशि ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान’ योजना के तहत प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने दिवंगत राजा कुमार वर्मा के परिजनों को सहायता राशि सौंपी। इस दौरान श्रम मंत्री ने राजा कुमार वर्मा के निधन पर दुख जताया और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

वियतनाम में सड़क हादसे के बाद हुई थी मौत

राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर काम करते थे। वहां एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

राजा कुमार वर्मा के निधन के बाद उनके परिजनों ने पार्थिव शरीर को वियतनाम से भारत लाने के लिए राज्य सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर विदेश मंत्रालय से हुआ समन्वय

परिजनों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने मामले में कार्रवाई शुरू की। इसके लिए विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और हनोई स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया।

आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर हनोई से कोलकाता एयरपोर्ट लाया गया।

5 अक्टूबर को रांची लाया गया पार्थिव शरीर

कोलकाता एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।

इसके बाद 5 अक्टूबर को राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची लाया गया। प्रशासन की ओर से उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाया गया।

अब ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान’ योजना के तहत उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

यह भी पढ़ें: Rupi Soren Death: हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, सोरेन परिवार में मातृशोक