सरायकेलाः मात्र 600 रुपए के लिए नौकरी लगाई दाव पर

चांडिल विद्युत विभाग के हेड क्लर्क को मात्र 600 रुपए घूस लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। एसीबी से शिकायतकर्ता ने लिखित शिकायत की थी जिसके सत्यापन के बाद टीम ने ये कार्रवाई की है। फिलहाल, एसीबी की टीम आरोपी हेड क्लर्क को अपने साथ सोनारी ले गई है।

जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए हेड क्लर्क की पहचान नरेश कुमार रब्बानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चांडिल निवासी शिकायतकर्ता राजेश कुमार महतो ने एसीबी में नरेश कुमार रब्बानी के खिलाफ किसी काम को लेकर 600 रुपए घूस मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत दर्ज होने के बाद एसीबी के डीएसपी जितेंद्र दुबे ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद शनिवार को आरोपी को घूस की रकम 600 रुपए लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया गया।