रांची। अंजुमन चुनाव- टीम अमीन का संकल्प पत्र जारी

रांची। अंजुमन चुनाव- टीम अमीन का संकल्प पत्र जारी

” हम मौलाना आजाद के विरासत के अमीन हैं- इबरार अहमद ”

राँची:  अंजुमन इस्लामिया राँची के 2022 चुनाव के लिए टीम अमीन के द्वारा अहदनामा (संकल्प पत्र), पोस्टर व स्टीकर जारी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार  इबरार अहमद, महासचिव पद के उम्मीदवार  मतीउर रहमान, नायब सदर के उम्मीदवार  आसफ़ अली एवं उप सचिव के उम्मीदवार  सादिक़ लतीफ़ उर्फ़ मून आर्यन के द्वारा किया गया।
इस मौके  इबरार अहमद ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि “हम मौलाना आजाद के विरासत के अमीन हैं। पिछले टर्म में बहुत सारे काम किये गए और बहुत सारे काम किया जाना बाक़ी है जिसको लेकर हमारी टीम “अमीन” गंभीर है।

अंजुमन अस्पताल आम लोगों के लिए साबित हुआ है वरदान

उन्होंने कहा अंजुमन अस्पताल में बच्चों के लिए इंटेंसिव केअर यूनिट, डायलिसिस सेंटर,इमरजेंसी वार्ड एवं महिलाओं के लिए आधुनिक उपकरणों से लैस गायनी वार्ड शुरू किया गया है जिसका लोगों को काफी फ़ायदा मिल रहा है और अभी मरीजों के अटेंडेंट की सहूलियत के लिए कैंटीन भी शुरू किया गया है। कोविड के समय में अंजुमन अस्पताल का योगदान अतुलनीय रहा है जिससे इनकार नहीं किया जा सकता है। आगे अस्पताल में ब्लड बैंक, मेडिसिन सेंटर खोलने की योजना है। मौलाना आजाद कॉलेज के लिए हाल ही में 5 एकड़ जमीन ली गयी है और हमलोग मौलाना आजाद मदरसा और कल्चरल सेंटर के लिए राज्य सरकार से 5 से 6 एकड़ जमीन की माँग की है जिसको हासिल करना हमारा लक्ष्य है।

संकल्प पत्र में लिए गये संकल्प बिंदुवार इस प्रकार है :

अंजुमन इस्लामिया मौलाना आजाद का एक हसीन ख्वाब है. इन्होंने इसे समाज के संयुक्त संस्कृति, सभ्यता से सजाया,अब इस विरासत को बचाने, बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।इस विरासत के हम अमीन हैं,इस पर ग्रहण नहीं लगने देंगे,इसे बिखरने नहीं देंगे।

हम अहद करते हैं कि

1. अंजुमन इस्लामिया, राँची की एक पुरवक़ार (प्रतिष्ठित), ऐतिहासिक (तारीख़ी) संस्था ही नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द का एक ऐसा केंद्र है जो मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के जीवन दर्शन (नज़रिया ए हयात )का दर्पण (तर्जुमान) भी है.
हम अहद (संकल्प) करते हैं कि अंजुमन इस्लामिया और इसके धरोहर (असासा ) की हिफाज़त नेकनियती और ख़ुलूस ओ ईमानदारी से करेंगें.
हम ये भी अहद करते हैं कि अंजुमन इस्लामिया को झारखंड का एक ऐसा नुमाइंदा और आदर्श इदारा बनाने की हर मुमकिन कोशिश करेंगे जिसकी आवाज़ की गूंज दूर तक सुनाई दे और राजनीति का शक्ति केंद्र (एवान ए सियासत) भी इसकी अनुगूंज (बाज़गश्त) को नज़रअंदाज़ न कर सके.
हम सिर्फ़ इस एदारे के अमीन नहीं हैं बल्कि मौलाना आज़ाद के आपसी और राष्ट्रीय एकता (क़ौमी यकजहती) के भी अलमबरदार हैं जिसे मज़बूत और अटूट बनाना भी हमारा पहला कर्तव्य (अव्वलीन फ़र्ज़) है.
2. मौलाना आज़ाद के यौमे पैदाईश (11नवम्बर) को हम शिक्षा एवं सदभावना अभियान के तहत मनाते हैं। महज़ एलामती (प्रतीकात्मक) तौर पर नहीं बल्कि शिक्षा का प्रचार व प्रसार ,क़ौमी यकजहती ,साम्प्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए
मनाते हैं जिसे और भी बड़े पैमाने पर मनाएंगे ताकि सामाजिक रिश्तों में मजबूती और स्थिरता (इस्तेहकाम और पायदारी) आये .
3. वर्तमान में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हम सही मायनों में पिछड़ चुके हैं. हमें इन क्षेत्रों में नए सिरे , ईमानदारी और ख़ुलूस से काम करने की संजीदा (गंभीर) कोशिश करनी होगी. अंजुमन के संसाधनों का इस्तेमाल कर हम इन क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा कर झारखंड के गौरवशाली इतिहास में एक अध्याय जोड़ सकते हैं और अपने समाज का सर फ़ख्र से ऊंचा कर सकते हैं.
4. अंजुमन के संसाधनों एवं सरकारी सहयोग प्राप्त कर पूरे समाज के लिए रोज़गार के अवसर पैदा करेंगे ताकि बेरोज़गारी का दंश झेल रहे नवजवानों को कुछ राहत दी जा सके.

हमारी प्राथमिकता सूची

5.यतीम (अनाथ )बच्चियों के लिए यतीम ख़ाना (अनाथालय)और बेसहारा मुस्लिम महिलाओं के लिए शेल्टर होम का क़याम हमारी सामाजिक जिम्मेदारी के अहम कामों में शामिल हैं .ज़रूरत पड़ी तो महिला सेल भी गठित किया जाएगा.
6.अंजुमन के सदर और सेक्रेटरी के कामों की निगरानी के लिए एक *स्वतंत्र ,ग़ैर जानिबदार (तटस्थ) और शक्तिशाली एडवाइज़री कमेटी गठित की जायेगी.
7.बेरोजगार युवक-युवतियों को कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा और प्रशिक्षित लाभार्थियों का समूह बनाकर आवश्यकता अनुसार पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी।
8.महिलाओं को सूदखोरी निजाम से बचाने के लिए मोहल्ला लेवल पर माइक्रो फाइनेंस की व्यवस्था की जाएगी।
9.स्वास्थ के क्षेत्र में जकात फंड में इजाफा कर दो लाख रुपए प्रतिमाह किया जाएगा।दायरा बढ़ाया जाएगा।
10.ईमाम,खतीब,मोअज्जिन के लिए पेंशन या वजीफा सुनिश्चित करने हेतु वक्फ बोर्ड को राजी किया जाएगा.वक्फ बोर्ड को लाखों रुपए अंशदान में दिए जाते हैं।
11.विशाल मदरसा इस्लामिया की विस्तार के लिए 5 एकड़ जमीन की व्यवस्था की जाएगी।
12.खेलों के विकास के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा, जहां निशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराई जाएगी.
13.लीगल और काउंसिलिंग सेल को और मजबूत किया जाएगा।
हम अहद करते हैं कि अंजुमन के वकार,अजमत (महानता)और सेक्युलर क्रेंडेशियल (धर्मनिरपेक्ष साख) को हर हाल में बहाल रखेंगे,इस पर आंच नहीं आने देंगे।
हम इस बात का भी अहद करते हैं कि हम अपनी ख़ुददारी,क़ौमी ग़ैरत, इज़्ज़त ए नफ़स(स्वाभिमान) ,ज़मीर (नैतिकता)ओ ईमान का न तो कभी सौदा करेंगे और न किसी को इसकी इजाज़त देंगे

टीम अमीन,अंजुमन इसलामिया इंतेख़ाब 2022

इस मौके पर गयासुद्दीन उर्फ मुन्ना, इम्तियाज़ अहमद, नज़ीब, वसीम, शकील, हाजी नवाब,मोहम्मद हसनैन, नदीम अख़्तर, ख़लील अहमद, नूर हसन लाल, कामरान अहमद, ग़ुलाम ग़ौस, मिल्लत पंचायत के सदर जावेद अहमद, यासिर, सलाहउद्दीन, अशफ़ाक़ आलम बब्लू,मोहम्मद इक़बाल,मोहम्मद नूर आदि लोग उपस्थित थे।