रांची। राज्य में प्रवासी मजदूरों का आना जारी,बढ़ी कोरोना संक्रमण की खतरा
- By admin --
- 16 May 2020 --
- comments are disable
रांची। राज्य में अब तक 216 कोरोना संक्रमण के मामले आ चुके हैं। शनिवार सुबह दो श्रमिक स्पेशल ट्रेन से 2800 मजदूर महाराष्ट्र के पनवेल से डालटनगंज और तेलंगाना के सिकंदराबाद से धनबाद पहुंची है। धनबाद पहुंचने वाली ट्रेन में 1200 जबकि डालटनगंज पहुंचने वाली ट्रेन में 1600 प्रवासी श्रमिक सवार थे। उधर, दूसरे राज्यों से झारखंड में मजदूरों के आने का सिलसिला जारी है। ट्रेन के अलावा प्रवासी पैदल, बस, ट्रक, साइकिल से झारखंड पहुंच रहे हैं। झारखंड में अब तक दूसरे राज्यों से 85 हजार से ज्यादा प्रवासी लौट चुके हैं।
99 मरीज स्वस्थ्य
शुक्रवार को राज्य में 12 और कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को हजारीबाग में छह, गढ़वा में चार, धनबाद और पूर्वी सिंहभूम के एक-एक संदिग्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी। 12 नए मरीज मिलने के बाद राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 216 हो गई है। अब तक चार कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है जबकि 99 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं।
मेडिका में भी होगी कोरोना की जांच, रिपोर्ट दो दिन में मिलेगी
आईसीएमआर की ओर से मेडिका हॉस्पिटल कोलकाता को कोरोना जांच के लिए अधिकृत किया गया है। इसके बाद राज्य सरकार ने भी स्थानीय स्तर पर राज्य में सैंपल कलेक्शन की अनुमति दे दी है। मेडिका हॉस्पिटल, रांची की ओर से संचालित एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर बरियातू में सैंपल कलेक्शन होगा, जिसे जांच के लिए कोलकाता भेजा जाएगा। रिपोर्ट एक-दो दिन में मिल जाएगी। राज्य सरकार ने मेडिका को सैंपल लेने व रिपोर्ट की जानकारी सिविल सर्जन और आइडीएसपी को देने को कहा है।
रिम्स में कोरोना संदिग्धों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से स्क्रीनिंग
रिम्स प्रबंधन कोरोना संदिग्ध लोगों की स्क्रीनिंग कर रहे डॉक्टरों को संक्रमण से बचाने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) की मदद ले रहा है। अब स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध और डॉक्टर एक-दूसरे के संपर्क में नहीं आएंगे। शुक्रवार को कोविड वार्ड के ग्राउंड फ्लोर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग शुरू हुई। रिम्स निदेशक ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर के हॉल में सीसीटीवी, 4 कैमरे व 2 टीवी स्क्रीन लगाए गए हैं। इस दौरान डॉक्टरों को पीपीई किट की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। फिर यदि वे चाहें तो पहन सकते हैं। शुक्रवार को 110 लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी स्क्रीनिंग कराई।