तरलोक सिंह चौहान बने झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश

राज्यपाल ने  न्यायमूर्ति  तरलोक सिंह चौहान को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज राज भवन स्थित बिरसा मंडप में माननीय न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान को झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल महोदय ने माननीय मुख्य न्यायाधीश को शपथ ग्रहण के उपरांत हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन उपस्थित रहे। माननीय मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन ने झारखंड उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मौके पर राज्य सरकार के माननीय मंत्रीगण, माननीय विधायकगण सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।

इससे पूर्व राज्य की मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने माननीय न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान का झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति संबंधी वारंट को पढ़ा तथा राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी द्वारा माननीय मुख्य न्यायाधीश को शपथ ग्रहण हेतु आमंत्रित किया गया।
उक्त अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा, झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, पूर्व न्यायाधीशगण, भारतीय प्रशासनिक व पुलिस सेवा के वरीय अधिकारीगण तथा झारखंड उच्च न्यायालय के पदाधिकारीगण व वरीय अधिवक्तागण उपस्थित थे।