शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और योगदान को किया नमन

Shibu Soren First Death Anniversary Ranchi: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे पद्म भूषण सम्मानित दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मोरहाबादी स्थित उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन तथा राज्य के लिए किए गए योगदान को याद किया। इस अवसर पर शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन तथा परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया।

झारखंड आंदोलन के संघर्ष को किया याद

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना संपूर्ण जीवन झारखंड और यहां के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज भी राज्य के हर हिस्से में लोग उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ याद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों और संघर्ष की भूमि है। यहां के लोगों ने अपने अधिकारों और पहचान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया है और अनेक लोगों ने इसके लिए अपना सर्वोच्च बलिदान भी दिया। उन्होंने सभी आंदोलनकारियों और वीर शहीदों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया।

विचार और आदर्श रहेंगे सदैव प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही शिबू सोरेन आज भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने मूलवासी, आदिवासी, वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए जीवनभर कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों के अनुरूप राज्य के विकास के लिए कार्य करना सभी की जिम्मेदारी है और सरकार इसी दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

समृद्ध और न्यायपूर्ण झारखंड के संकल्प पर जोर

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की अस्मिता, पहचान और अधिकारों की रक्षा में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध झारखंड की परिकल्पना शिबू सोरेन ने की थी, उसे साकार करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान झारखंड आंदोलन के सभी वीर शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।