रांची : नाई समाज की समस्याओं पर गंभीरता पूर्वक विचार करे राज्य सरकार-समीर उरांव

समाज केलिये आर्थिक पैकेज के साथ मृतकों के परिजन को मुआवजा दे सरकार

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवम सांसद समीर उरांव ने प्रदेश के नाइ समाज के बीच बढ़ते हताश, निराशा एवम आर्थिक तंगी से हो रही आत्महत्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जमशेदपुर में कल और आज मिलाकर इस समाज के दो व्यक्तियों द्वारा आर्थिक तंगी से की गई आत्म हत्या पर शोक प्रकट करते हुए परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट की है।

लॉक डाउन में सर्वाधिक प्रभावित  हैं नाई समाज के लोग 

श्री उरांव ने कहा कि नाई समाज पारंपरिक पेशा और रोजगार से जुड़ा हुआ समाज है। बढ़ती बेरोजगारी की समस्या के बीच यह समाज अपने हुनर के बल पर अपने पैरों पर खड़ा रहता है। सेवा के बल पर अपनी आर्थिक उन्नति भी करता है, साथ ही समाज के हुनरमंद लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराता है।परंतु विगत छः माह से कोरोना संकट के बीच लॉक डाउन में सर्वाधिक प्रभावित हुआ है।

आत्महत्या करने को विवश हैं पेशे से जुड़े लोग

इस पेशे से जुड़े लोगों में न सिर्फ परिवार के भरण पोषण की चिंता है, बल्कि दुकानों के किराए, ईएमआई आदि चुकाने की चिंता भी परेशान कर रही है। जिसके कारण सिर्फ मानसिक तनाव ही नही, बल्कि आत्महत्याएं भी होने लग गई जो  राज्य के लिये गंभीर चिंता का प्रश्न है।

समाज की समस्याओं को गंभीरता ले सरकार

श्री उरांव ने राज्य सरकार से समाज की समस्याओं को गंभीरता लेने का आग्रह किया।कहा कि सरकार इस समाज के लिये आर्थिक पैकेज पर विचार करें जिससे इनकी समस्या का निदान हो।साथ ही आत्महत्या करने वालों के परिजन को 10 लाख का मुआवजा दे।