कोकर में टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर खाक

कोकर में टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर खाक

रांची : राजधानी रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वासुदेव टाटा ऑटो मोटर्स वर्कशॉप में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वर्कशॉप में खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 4 से 9 वाहन जलकर खाक होने की बात सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे वर्कशॉप के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि सर्विस सेंटर में खड़े एक वाहन में अचानक आग लगी थी। इसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 4 से 5 वाहन पूरी तरह जल गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं, आग से हुए आर्थिक नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है।