रांचीः दुष्कर्म की अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोपी गिरफ्तार
- By admin --
- 20 Jul 2020 --
- comments are disable
राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र की 14 वर्षीया नाबालिग ने दुष्कर्म कर उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले दोनों आरोपी गौतम महली एवं बिट्टू तिर्की को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
आपको बता दें कि दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गई थी। नाबालिग के अनुसार, बीते तीन जुलाई को वह घर पर अकेली थी, उसकी मां किसी काम से बाहर गयी हुई थी। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे गौतम महली और बिट्टू तिर्की उसके घर में घुस गये और दरवाजा बंद कर दिया।
दोनों को देखकर जब उसने शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद दुष्कर्म कर उसका वीडियो बना लिया। किसी को भी दुष्कर्म की बात बताने पर वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर देने की धमकी दी। डर से उसने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। इसके बाद भी आरोपियों ने अश्लील वीडियो सोशल मीडिया और फेसबुक पर वायरल कर दिया।