रांचीः राज्य में मानसून सक्रिय,मौसम विभाग ने जारी अलर्ट

रांची: झारखंड में मॉनसून का प्रवेश, कई जिलों को किया कवर

झारखंड में शनिवार को मॉनसून ने दस्तक दे दी। मॉनसून के आगमन के साथ किसानों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है, हालांकि कोरोना संकट और देशव्यापी पूर्ण तालाबंदी के कारण किसानों के चेहरे पर थोड़ी चिंता भी नजर आ रही है।

रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.एसडी कोटाल ने बताया कि रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में आज मॉनसून ने दस्तक दी।

उन्होंने बताया कि मॉनसून के प्रवेश करने के साथ ही पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताडा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज और गुमला, गिरिडीह तथा गिरिडीह के कुछ हिस्सों को मॉनसून कवर कर चुका है।

मॉनसून के सामान्य गति से आगे बढ़ने की उम्मीद है और अगले 24 घंटे में राज्यभर में मॉनसून के सक्रिय हो जाने की संभावना है। राजधानी रांची और आसपास के इलाके में सुबह से ही आसमान में बादल छाये हैं।

रूक-रूक कर हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है, लेकिन तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दूसरी तरफ किसान खेतीबारी के काम में जुट गये है।