चतराः जमीन लूटने और रैयतों को ठगने वाली पार्टी का नाम है बीजेपी- अंबा

कांग्रेस की फायर ब्रिगेड नेता बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी को जमीन लूटने और रैयतों को ठगने की पार्टी बताते हुए मजदूरों का शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं से मिलने आज चतरा जिले के पिपरवार पहुंची विधायक ने सीसीएल प्रबंधन पर भी मनमानी का आरोप लगाया है।

उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि अब राज्य में लूट और भ्रष्टाचार की सरकार नहीं है। ऐसे में ना तो सीसीएल प्रबंधन का मनमाना रवैया इस राज्य में चलेगा और ना ही सरकार मजदूरों का शोषण बर्दाश्त करेगी। अंबा प्रसाद ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार है। यह सरकार गरीबों और मजदूरों की सरकार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठित महागठबंधन की सरकार मजदूरों और गरीबों के हित में काम कर रही है।

वैश्विक महामारी के संकट काल में जिस तरह राज्य सरकार ने मजदूरों को रेस्क्यू कर दूसरे प्रदेशों से उनके घरों तक पहुंचाया है। उसी तरह स्थानीय स्तर पर औद्योगिक कंपनियों से सामंजस्य स्थापित कर रोजगार का सृजन कर हर हाथ को काम भी देगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने के बाद राज्य के जनता की समस्या के समाधान के लिए सरकार काम कर रही है, लॉकडाउन मे बेरोजगारो को रोजगार दिया जा रहा है, प्रवासी मजदूरो को उसी के गृह क्षेत्र मे रोजगार मुहैया कराया जा रहा है।

भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ने गरीब किसान और विस्थापित रैयतो की जमीन लुटने का काम किया था, लेकिन महागठबंधन की सरकार रैयत किसान को सम्मान दे रही है। सीसीएल और एनटीपीसी से जुड़े रैयतो को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।उन्होंने जनता से कोरोना वायरस संक्रमण से बचने व लॉकडाउन और सोसल डिस्टेसिंग का पालन करने की भी अपील की। मौके पर कांग्रेस, जेएमएम व राजद के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।