रांची। सरकार चला रही पार्टी जेएमएम एक बार फिर बड़े आंदोलन की ओर

23 नवंबर को सीएम हाउस में जेएमएम की अहम बैठक

रांची। झारखंड में महागठबंधन की सरकार की अगुआ पार्टी  झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन को लेकर एक बार फिर से पुराने अंदाज में दिखाई पड़ रही है। इस बार राज्य में सरकार बनने के बाद कोरोना की अड़चनों को झेलते हुए अब जब राज्य के विकास को लेकर आगे बढ़ने की बात सामने आई है, तब राज्य में एक बार फिर से आंदोलन का बड़ा रूप तैयार करने की पहल की जा रही है। जेएमएम के नेताओं ने पहले टाटा ग्रुप के खिलाफ आंदोलन कर इस बात के संकेत दे दिए हैं कि आनेवाले समय में अगर पार्टी की मांगों और बातों पर ध्यान नही दिया जाता है तो राज्य में एक बार फिर से बड़ा आंदोलन दिखाई पड़ सकता है।

पार्टी के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने तो पहले ही इस बात की घोषणा कर दी है। राज्य में को कंपनियों के साथ साथ उन बड़ी कंपनियों के खिलाफ पार्टी आंदोलन करेगी, जो राज्यहित में पार्टी के एजेंडे के अनुरूप कार्य नहीं करेंगे। जेएमएम ने तय किया है कि 23 नवंबर को दिन के 10.30 बजे पार्टी के केन्द्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त सोरेन जी के कांके रोड स्थित आवास (मुख्यमंत्री आवास) में होगी। इस बैठक में पार्टी के केन्द्रीय कार्यकारिणी समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों उपस्थित रहेंगे।